
कांड्रा (सरायकेला-खरसावां): झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के आदेशानुसार आज सोमवार, 18 मई 2026 को कांड्रा के एसकेजी कॉलोनी स्थित सेवा सदन (विद्युत विपत्र भुगतान केंद्र) में एक विशेष बिजली शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक चला, जिसमें हुदू, डुमरा, दुग्धा, रापचा, कांड्रा और बीरबांस जैसी कई लाभान्वित पंचायतों के उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया।
भीषण गर्मी में बिजली संकट को लेकर सौंपा ज्ञापन
एक तरफ जहाँ शिविर में विभागीय कार्यों का निपटारा चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ कांड्रा पंचायत की मुखिया श्रीमती शंकरी सिंह के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों ने सहायक विद्युत अभियंता (सरायकेला अवर प्रमंडल) को एक मांग पत्र सौंपा। इस आवेदन के माध्यम से कांड्रा ग्राम पंचायत क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चरमराई बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की गई।
अघोषित कटौती और जर्जर तारों से लोग परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दिन के समय बिना किसी पूर्व सूचना के 8 से 10 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी के इस मौसम में स्थिति बेहद विकराल हो चुकी है। कई जगहों पर जर्जर तार और बिजली के खंभे झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा, कई वार्डों में केबलिंग का काम या तो अधूरा पड़ा है या अभी तक शुरू भी नहीं हो पाया है।
पढ़ाई, व्यापार और खेती-बारी पर बुरा असर
सौपे गए मांग पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण छात्रों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे दुकानदारों का व्यापार और मरीजों का इलाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने सहायक विद्युत अभियंता से निम्नलिखित त्वरित कार्रवाई की मांग की है:
झूलते व जर्जर तारों और खंभों को अभिलंब बदला जाए।
ओवरलोड ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए या आवश्यकतानुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं।
हर वार्ड में अधूरे पड़े केबलिंग के काम को यथाशीघ्र पूरा करवाया जाए।
मौके पर कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कांड्रा पंचायत की मुखिया शंकरी सिंह के नेतृत्व में आवेदन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से विनय महतो, सरोज महतो, राम महतो, रामप्रसाद पाल, डॉ. जोगेंद्र प्रसाद सहित भारी संख्या में कांड्रा पंचायत के ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सहायक विद्युत अभियंता इस भीषण गर्मी को देखते हुए इन गंभीर समस्याओं का संज्ञान लेंगे और जल्द से जल्द इसका स्थायी समाधान निकालेंगे।
