
नौशीन खान का व्यापक जनसंपर्क अभियान, “बेंच” चुनाव चिह्न पर मुहर लगाने की अपील
विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा: नौशीन खान
जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नौशीन खान ने अपने चुनावी अभियान के क्रम में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनता से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उनके साथ उनके पति तथा झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान भी उपस्थित थे।
आज रोशन फ्लैट, गौरी शंकर रोड, जुगसलाई वार्ड संख्या 2 में आयोजित एक उत्साहपूर्ण नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए नौशीन खान ने जनता से अपील की कि वे “बेंच” चुनाव चिह्न के सामने मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने अपना समर्थन और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि जनता का यही विश्वास और स्नेह उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।
इसी प्रकार वार्ड संख्या 9 के हिल व्यू क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया। नौशीन खान ने कहा कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं को सुन रही हैं तथा विजय के पश्चात विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा कि जुगसलाई के चुनावी मैदान में कई प्रत्याशी हैं, किंतु जनसमर्थन के कारण नौशीन खान सबसे आगे चल रही हैं और इंशाअल्लाह उनकी विजय सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा,
“अब हवाएं ख़ुद करेंगी रोशनी का फैसला,
जिस दिए में तेल होगा, वह दिया रह जाएगा।”
साथ ही उन्होंने व्यापारी वर्ग, विशेषकर मारवाड़ी समाज को आश्वस्त किया कि भय और दबाव की राजनीति का अंत किया जाएगा तथा सभी को सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
अंत में नौशीन खान ने जनता से अपील की कि वे एकजुट होकर सशक्त और विकसित जुगसलाई के निर्माण के लिए “बेंच” चुनाव चिह्न पर अपना अमूल्य मत प्रदान करें।
