
नोवामुंडी प्रखण्ड के कोटगढ़ और दूध विला पुलिया के बीच नदी के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गिरकर घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

घायलों में झिरपाल गांव निवासी जारका पूर्ति, राजेश गोप और आशीष नाथ गोप शामिल हैं। जारका पूर्ति की आंख में चोट लगी है, जबकि राजेश गोप और आशीष नाथ गोप बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। दोनों के सिर पर गंभीर चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और टाटा स्टील एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को टिस्को हॉस्पिटल नोवामुंडी में भर्ती कराया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तीनों का इलाज जारी है।

घायल जारका पूर्ति के अनुसार, तीनों दोस्त दांगुवापोषी टीलाईपी गांव के रहने वाले हैं और अपने एक परिचित के घर घूमने गए थे। वे खाना-पीना करने के बाद देर शाम करीब 6 बजे घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
